
गुवाहाटी। आम आदमी पार्टी (आप) की असम इकाई के अध्यक्ष मनोज धनोवर ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। राज्य में पार्टी की महिला शाखा की अध्यक्ष मसुमा बेगम ने भी पद के साथ ही पार्टी छोड़ दी है।पिछले नगर निकाय चुनावों में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। दोनों नेताओं ने ऐसे समय में इस्तीफा दिया है जब पार्टी राज्य के ग्रामीण इलाकों में पैठ बनाने का प्रयास कर रही है। पंचायत चुनावों में एक महीना भी नहीं बचा है। धनोवर ने इंटरनेट मीडिया पर अपना त्यागपत्र साझा किया। उन्होंने दो जनवरी को आप के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक को अपना इस्तीफा भेजा था। उन्होंने कहा था कि वह अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण इस्तीफा दे रहे हैं।धनोवर के कुछ समय से निष्क्रिय रहने के कारण आप ने पिछले महीने अपने राष्ट्रीय संयुक्त सचिव भाबेन चौधरी को कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। आप के राज्य सचिव अमलानज्योति हतिबरुआ ने कहा कि यह अजीब है कि धनोवर ने चार महीने बाद अपना इस्तीफा सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा, संभवत: उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया।