नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र सहित पूरे उत्तर भारत में शुक्रवार सुबह तेज आंधी व तूफान के साथ मूसलधार बारिश हुई, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। सिर्फ राजधानी में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, मौसम विभाग ने शनिवार को भी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है। इसके लिए मौसम विभाग ने बकायदा रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में भी थंडरस्टॉर्म, बिजली गिरने और धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।236 जगह पेड़ उखड़ गए और 200 उड़ाने विलंबित हुईं। सुबह पांच बजे से आठ बजे महज तीन घंटे के दौरान 77.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। 1901 से 2025 तक यह मई में 24 घंटे की दूसरी सर्वाधिक वर्षा है। इससे पहले 20 मई 2021 को 119.3 मिमी वर्षा हुई थी, जो आल टाइम रिकॉर्ड भी है। बारिश के कारण भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया।

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध

मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी हल्की वर्षा हो सकती है। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आरके जेनामणि ने बताया कि अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से मिलने वाली नमी और हवा के मिलने के कारण आंधी-तूफान के साथ वर्षा की स्थिति बनी है।