
जांजगीर। जिले में शिक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय क्रमांक 02 जांजगीर का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके बाद नवीन पूर्व माध्यमिक शाला दर्री का निरीक्षण किया गया, जहां बच्चों की उपस्थिति में कमी पाई गई।
41 विद्यार्थियों में से केवल 25 ही उपस्थित थे। शिक्षकों को निर्देश दिए गए कि वे पालकों से संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। मध्यान्ह भोजन में चावल, दाल, भात और लौकी की सब्जी बनाई जा रही थी, परंतु खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। शिक्षिका रोशनी पाण्डेय और रामसिंह राठौर क्लास में नहीं िमले तो उन्हें चेतावनी दी गई वे तय समय में अपने क्लास में लेकर अध्ययन कराएं। जिले के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालय भवनों पर अधिकारियों का नाम, पदनाम और शाला का समय अंकित करें। शासकीय हाईस्कूल घुठिया में निरीक्षण के दौरान 31 में 20 छात्र उपस्थित मिले।
मिडिल स्कूल घुठिया में सभी पांच शिक्षक उपस्थित मिले। बच्चों से संवाद कर पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने हेतु नियमित निरीक्षण जारी रखने की बात कही। इस दौरान सहायक संचालक राजकुमार तिवारी भी उपस्थित थे।