
जांजगीर। ग्राम महंत भाठापारा में 17वां अखण्ड नवधा रामायण आयोजन कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ। श्री सिद्ध बाबा मंदिर के पास श्री सिद्ध बाबा सेवा समिति और ग्रामवासियों के तत्वावधान में यह कार्यक्रम हो रहा है। शुभारंभ पर महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश स्थापना के बाद विधिवत रामायण कथा शुरू हुई। आयोजन के तहत 4 फरवरी से 14 फरवरी तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसमें कथा वाचन, मानस गायन, प्रवचन, भजन, शास्त्रीय संगीत, लोक संगीत और फिल्म संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। 13 फरवरी को मानस गायन प्रतियोगिता होगी, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। 14 फरवरी को कथा विश्राम, हवन, सहस्त्रधारा और ब्राह्मण भोज का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन आचार्य नंदकुमार मिश्रा सेंदरी वाले द्वारा किया जा रहा है।





















