नई दिल्ली। भारी मानसूनी बारिश से कई राज्यों में जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। एक ओर जहां फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है वहीं इससे लोगों की मौतें भी हुई हैं। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में मंगलवार को भारी बारिश के बीच पांच लोगों की मौत हो गई। चार की डूबने से जबकि एक अन्य की मौत करंट लगने से हो गई।

नांदेड़ और बीड जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति

मुंबई में भी पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बारिश ने नांदेड़ और बीड जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न कर दी है। इसके अलावा मराठवाड़ा के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव हो गया है। राजस्व विभाग के अधिकारी ने बताया कि नांदेड़ जिले के हडगांव तहसील में बादल फटने जैसी घटना सामने आई है। दो घंटे की भारी बारिश ने लातूर शहर में भी तबाही मचाई।