
दुर्ग। राजधानी रायपुर से सटे दुर्ग के कुम्हारी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गड्ढ़े में गिर गई। हादसे में 15 कर्मचारियों की मौत हो गई है। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं 15 घायल हैं। इनमें से 10 को रायपुर एम्स में इलाज के लिए लाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा घायलों से मुलाकात करने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से भी बात की। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से बातकर मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि घायलों और उनके परिजनों से बात हुई है। घायल ने बताया कि बस की लाइट ही नहीं जल रही थीं। फैक्ट्री की ओर से श्रमिकों की सुरक्षा प्रबंध, बीमा तमाम चीजों की जांच होगी। बस खदान में स्लिप होकर गिरी है। खदानों को लेकर जांच की जाएगी। जिसकी भी लापरवाही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। 2 लोग गंभीर है, उनका बेहतर से बेहतर इलाज किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
— Narendra Modi (@narendramodi) April 9, 2024
दुर्ग में हुए सड़क हादसे में घायल मरीजों की स्थिति देखने रायपुर एम्स हॉस्पिटल पहुंचा। उनके इलाज में शामिल डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है, हर संभव मदद की जा रही है। pic.twitter.com/lJUcWkWiYI
— Vijay sharma (मोदी का परिवार) (@vijaysharmacg) April 9, 2024
दुर्ग शहर के पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने कहा कि दुर्घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई। कर्मचारी केडिया डिस्टलरी कंपनी के कर्मचारी बताए जाते हैं। ये कर्मचारी ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। केडिया डिस्टलरी की ओर से मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया गया है। चूंकि हादसे में कई घायलों की हालत नाजुक है इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जाता है कि जिस जगह पर हादसा हुआ वहां मुरुम की खदाने हैं। कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि बस में लाइट नहीं जल रही थी। इसी वजह से यह स्लिप होकर खाई में गिर गई। डिप्टी सीएम विजय शर्मा हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने रायपुर एम्स पहुंचकर घायलों का हाल भी जाना। दुर्ग की कलेक्टर ने भी हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।