जांजगीर। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी जांजगीर में संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह जी के निर्देशन में दिनांक 06 मार्च 2024 को महिला दिवस का पूर्व उत्सव कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैल्य चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस उपलक्ष्य में संस्था के पुरूष कर्मचारियों द्वारा महिला कर्मचारियों के लिए सम्मान स्वरूप विविध गतिविधि आयोजित किया गया। सर्वप्रथम महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए संस्था के संगीत शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा ओज से परिपूर्ण एक गीत प्रस्तुत करते हुए पुष्प गुच्छ के साथ उनका स्वागत किया गया। स्वागत गीत को सुन कर महिला कर्मचारी भावविभोर हो गए। कार्यक्रम की अगली कड़ी में महिलाओं के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की गतिविधि जिसमें रैम्प वॉक, संगीत एवं खेल का आयोजन कराया गया। इन गतिविधियों में भाग लेकर संस्था की समस्त महिला कर्मचारी आनंदित हो उठे। महिला कर्मचारियों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मान स्वरूप सप्रेम भेंट प्रदान किया गया, साथ ही स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गयी। विभिन्न गतिविधि में विजयी रहे महिला कर्मचारियों का विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया। पुरूष कर्मचारियों द्वारा महिला दिवस की बधाई देते हुए तथा इस दिन की विशेषता एवं महत्ता के बारे में बताते हुए कहा गया कि- भारत में राष्ट्रीय महिला दिवस प्रति वर्ष 13 फरवरी को मनाया जाता है जबकि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस दुनिया भर में 8 मार्च को मनाया जाता है। आज महिलाएँ इस विकासशील भारत को विकसित बनाने में योगदान देती है लेकिन उन्हें कई बार अलग-अलग रूपों में प्रताडि़त किया जाता है एवं उनके अधिकारों का हनन किया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एक वैश्विक दिवस है जो महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों का जश्न मनाता है। इस कार्यक्रम में श्रीमती पुष्पा देवी अग्रवाल (संरक्षक), संस्था संचालक श्री आलोक अग्रवाल, प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह, श्रीमती प्रणीता अग्रवाल, श्रीमती संध्या अग्रवाल, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, एडमिन स्टाफ, ग्रुप डी स्टाफ उपस्थित रहें और कार्यक्रम के सफल संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।