कोरबा। कटघोरा वनमंडल में हाथी समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जहां यहां के केंदई रेंज के मदनपुर सर्किल में घूम रहे लोनर हाथी ने बीती रात आगे का रूख करते हुए मोरगा क्षेत्र में दस्तक दे दिया है। वहीं 54 हाथी अभी भी पसान रेंज के सेमरहा सर्किल में डटे हुए हैं। हाथियों के इस दल को आज सुबह सेमरहा व हरदेवा के बीच स्थित जंगल में विचरण करते हुए देखा गया। इसके बाद वन अमला ने निगरानी बढ़ा दी है। हाथियों के दल ने यहां पहुंचने से पहले रात में धान फसल को रौंदने के साथ मटियामेट कर दिया। जिससे क्षेत्र के 20 ग्रामीण प्रभावित हुए हैं। हाथियों का उत्पात क्षेत्र में जारी रहने तथा लगातार फसल को रौंदे जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है, वहीं वन विभाग उत्पात रोकने के लिए प्रयास कर रहा है लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है। हाथियों का दल रात में जंगल से निकलता है और निगरानी में लगे वन अमले को चकमा देने के बाद ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर वहां लगे फसलों को तहस-नहस कर दे रहा है। इधर कोरबा वन मंडल के करतला रेंज में एक विक्षिप्त को मौत के घाट उतारने वाले छाल व करतला रेंज की सीमा पर मौजूद हैं, जिसके कभी भी जिले में प्रवेश करने की संभावना बनी हुई है।