चंडीगढ़। विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्नकाल, शून्यकाल और राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों में कई बार टकराव हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के बीच बार-बार नोकझोंक हुई तो संसदीय कार्य मंत्री महीपाल सिंह ढांडा और शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कांग्रेस विधायकों के तर्कों के साथ जवाब दिए। विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण को बार-बार हस्तक्षेप करते हुए विधायकों व मंत्रियों को शांत करना पड़ा। स्पीकर के बार-बार कहने के बाद भी जब मंत्रियों व विधायकों की भिड़ंत कम नहीं हुई तो उन्हें कड़ा रुख अपनाना पड़ा।
हरविन्द्र कल्याण ने कहा, दोनों तरफ से बैटिंग नहीं चलेगी, कोई अपने आप को सचिन तेंदुलकर मत समझे। सदन में जब कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा अपनी बात कह रहे थे तो कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी बार-बार टोक रहे थे। इस पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गुस्सा आ गया और बोले- मंत्री को ही बोलने दो, अशोक अरोड़ा बैठ जाएंगे।सीएम नायब सैनी ने चिर-परिचित अंदाज में मोर्चा संभालते कहा, हुड्डा साहब…आप नाराज ना हों। कृष्ण बेदी और अशोक अरोड़ा, दोनों के घर की दीवार मिलती है। इस बात पर सदन में माहौल खुशनुमा हो गया।