ध्यानचंद सहित तीन स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई
कोरबा। दीपावली त्यौहार के मद्देनज़र शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सर्वमंगला चौक, ध्यानचंद चौक और राठाखार रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
त्योहारों के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने मनमाने ढंग से सडक़ किनारे पार्क किए गए वाहनों में व्हील लॉक लगाए और नियम तोडऩे वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। अधिकारियों ने बताया कि दीपावली और आगामी छठ पर्व को देखते हुए शहर के व्यस्ततम इलाकों में यातायात नियंत्रण को लेकर यह सख्ती बरती जा रही है। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाना है। अभियान का नेतृत्व एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर कर रहे हैं, जबकि इसकी निगरानी डीएसपी (ट्रैफिक) डी.के. सिंह के मार्गदर्शन में की जा रही है। अभियान में इंस्पेक्टर तेजस यादव, एएसआई मनोज राठौर, रामनारायण राठौर, ईश्वर लहरे और ट्रैफिक विभाग का पूरा स्टाफ सक्रिय रूप से शामिल है। ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें ताकि त्योहारों की खुशियाँ किसी दुर्घटना में न बदलें।