
आगरा, १० अप्रैल।
चार फरवरी को लापता हुई महिला की उसके प्रेमी ने हत्या कर दी थी। महिला का मोबाइल ऑन होने पर पुलिस ने संभल से आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर बुधवार को ताजगंज के नोबरी गांव में कुएं से शव बरामद किया। परिजन पुलिस की कहानी से संतुष्ट नहीं हैं। उनके अनुसार हत्या की साजिश पति ने ही रची है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।आठ फरवरी को मथुरा के राया क्षेत्र के चौड़ी गांव के सिदारी खान ने अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत की थी। पति पंचगई खेड़ा के सुहान खान उर्फ सेठी पर आरोप लगाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। महिला की सीडीआर में नोबरी के भीमसेन से महिला की बात होने की जानकारी हुई। उससे दो बार पूछताछ की गई पर कोई जानकारी नहीं मिली। महिला का फोन ऑन होने पर संभल की लोकेशन मिली। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आरोपी भीमसेन को गिरफ्तार किया। वह परिवार के साथ संभल में छिपकर रह रहा था। उसकी निशानदेही पर कुएं से शव को बरामद किया गया। आरोपी ने बताया कि झगड़ा होने पर उसने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को कुएं में फेंक मिट्टी डाल दी थी।मामले में सिदारी खान ने बताया कि 36 वर्षीय बेटी फिजा उर्फ जैमुना का निकाह 15 वर्ष पूर्व पंचगई खेड़ा के सुहान खान उर्फ सेठी से हुआ था। उनके दो बच्चे हैं।
कुछ समय से दोनों में विवाद चल रहा था। सेठी उसकी हत्या करने की धमकी दे रहा था। तीन फरवरी को उसने बेटी के साथ मारपीट की थी। 112 नंबर पर काल करने पर पुलिस आई थी। अगले दिन फिजा पुलिस से शिकायत करने एकता चौकी गई थी। इसके बाद उसका पता नहीं चला। पांच फरवरी को जब वह बेटी की ससुराल गए तो पति और ससुरालीजन घर बंद कर जा चुके थे। उन्हें आरोपी सेठी पर हत्या की साजिश करने का आरोप लगाया है।