
गुवाहटी। असम के कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया मंत्री जयंत मल्ला बरुआ पर चिल्लाते दिख रहे हैं। उनके बगल में सीएम हिमंत बिस्वा सरमा भी खड़े हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मंत्री से क्या कहा है?कांग्रेस द्वारा साझा किया गया कथित वीडियो नलबाड़ी जिले के भाजपा कार्यालय का बताया जा रहा है। हालांकि बरुआ और सैकिया समेत किसी भी भाजपा नेता ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि घटना के पीछे वजह क्या थी? वीडियो वायरल होने के बाद असम कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पर हमला बोला। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा, हिमंत बिस्वा सरमा आपको अपनी आवाज खोते देखना अच्छा लगा। आपने हमेशा अपनी कुर्सी को अपने आत्मसम्मान से ज्यादा महत्व दिया है। यह नया सबूत है।” कांग्रेस अध्यक्ष बोरा ने दावा किया कि भाजपा में हाल ही में शामिल हुए सदस्यों और आरएसएस वफादारों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने आगे लिखा कि मैं हमेशा से जानता था कि असम भाजपा में सिंडिकेट सरदारों को आरएसएस के वफादारों से कड़ी टक्कर मिल रही है। मगर दुर्भाग्य से गोदी मीडिया इसे दिखाने से डरता है। हालांकि यह शोर-शराबा कोई रहस्योद्घाटन नहीं है, लेकिन निश्चित रूप से मीडिया से यह अप्रत्याशित है।