कोरबा। विजय का पर्व दशहरा नियम के अंतर्गत आश्विन शुक्ल दशमी को संपन्न हो गया है लेकिन कोरबा जिले में पर्व के नाम पर भेड़चाल चल रही है। सुविधा और अलग तर्क देकर अलग-अलग स्थान पर कार्यक्रम हो रहे हैं और इसमें बवाल भी शुरू हो गए है। रूमगरा शिव नगर में पिछली रात आयोजित दशहरा उत्सव में जमकर बवाल हुआ। पुलिस ने मारपीट करने वाले अराजक तत्वों की खोज शुरू कर दी है।
कोरबा जिले की बालकोनगर पुलिस ने बताया कि मारपीट की घटनाओं में तीन प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है ।इन घटनाओं में पीडि़तों को काफी चोट आई है। आरोपियों की संख्या 6 से ज्यादा बताई गई है जिन्होंने इस घटनाओं को अंजाम दिया। जानकारी में कहा गया कि हसदेव बैराज के किनारे दशहरा का आयोजन यहां की एक समिति के द्वारा गुरुवार की रात किया गया था। यहां पर रावण दहन के साथ अन्य कार्यक्रम किए गए। स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के क्षेत्र से भी लोगों की उपस्थिति मौके पर हुई। कहां गया कि अलग-अलग कारण से यहां पर युवकों के बीच पहले बहसबाज़ी हुई और फिर मारपीट की स्थिति बनी। हालात इस कदर बिगड़े की कुछ अराजक तत्वों ने एक राय होकर पीडि़त पक्ष के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें जख्मी कर दिया। मौके की नजाकत को भापकर कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और हस्तक्षेप करते हुए हमलावरों को कंट्रोल किया। आनन फानन में पुलिस को जानकारी देने के साथ पीडि़तों को उपचार दिलवाने की व्यवस्था की गई। जानकारी मिली कि घटना में पीडि़तों को काफी चोट आई है जिस पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अंतर्गत दोषियों के खिलाफ अपराध रजिस्टर्ड किया गया है और उनकी खोजबीन की जा रही है।
याद रहे पिछले वर्ष दशहरा का एक कार्यक्रम चारपारा कोहडिय़ा में आयोजित हुआ था जहां पर रावण दहन के दौरान इसी प्रकार से बवाल हुआ था और फिर चाकू बाजी भी हो गई। इस मामले को लेकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश हुई लेकिन यह नाकाम रही और आखिरकार सीएसईबी पुलिस ने इस घटनाक्रम में दोषियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध रजिस्टर करने के साथ अपना कर्तव्य पूरा किया।